नारनौल। हरियाणा की सामाजिक सोच में बदलाव की एक सकारात्मक तस्वीर नारनौल शहर में देखने को मिली, जहां शिवाजी नगर निवासी जानवी वर्मा का उनकी शादी से पहले पूरे शहर में पारंपरिक बनवारा निकाला गया। आमतौर पर यह रस्म केवल लड़कों के लिए निभाई जाती है, लेकिन वर्मा परिवार ने बेटी के लिए यह परंपरा निभाकर समाज में एक नई मिसाल पेश की है। जानवी वर्तमान में हैदराबाद में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं और उनकी शादी एक फरवरी को रेवाड़ी में संपन्न होगी।
घोड़ी पर बैठाकर धूमधाम से निकाला बनवारा : जानकारी के अनुसार व्यापारी संदीप वर्मा की बेटी जानवी वर्मा की शादी हैदराबाद निवासी रवि से तय हुई है। शादी से पूर्व जानवी के चाचा प्रदीप वर्मा और अभिषेक वर्मा ने उसे घोड़ी पर बैठाकर धूमधाम से शहर में बनवारा निकाला। इस दौरान परिवार के महिला-पुरुष सदस्यों के साथ रिश्तेदार और परिचित डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। बनवारे में जानवी खुद भी बेहद खुश दिखीं और उन्होंने नाचकर अपनी खुशी जाहिर की।
जानवी के पिता है व्यापारी: जानवी के पिता संदीप वर्मा ने बताया कि वे पेशे से व्यापारी हैं और अलमारी निर्माण का कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय राजेंद्र वर्मा नगर परिषद में पार्षद रह चुके थे और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता भी थे। उन्हीं की प्रेरणा से परिवार आज भी संयुक्त परिवार की परंपरा को निभा रहा है। बेटी की शादी की खुशी में दोनों चाचाओं ने यह बनवारा निकालने का निर्णय लिया, जिसे समाज ने खुले दिल से स्वीकार किया।
हैदराबाद में कर रही जॉब: परिवार ने बताया कि जानवी ने हैदराबाद से बीटेक की पढ़ाई की है और वर्तमान में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत हैं। वहीं उनके होने वाले पति रवि ने भी बीटेक किया हुआ है और वे एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। बनवारे से पहले सहभोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें आसपास के लोगों, रिश्तेदारों और परिचितों ने एक साथ भोजन किया। इसके बाद शहर के विभिन्न मोहल्लों से होकर बनवारा निकाला गया।
ये रहे मौजूद: इस आयोजन में भाजपा के पूर्व जिला प्रधान राकेश शर्मा, जज रामेश्वर, एचपीएस स्कूल के संचालक हितैष वर्मा, नरेश वर्मा, ईशान वर्मा, भव्य वर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

















