Haryana: हरियाणा में ग्रुप-C के पदों पर भर्ती के लिए CET 2025 परीक्षा जुलाई में आयोजित करने की तैयारी है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अनुसार CET 2025 के लिए लगभग 13 लाख 48 हजार 697 आवेदन आए हैं। ऐसे में HSSC ने दो से तीन दिन की समय अवधि में परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव दिया है।
बता दें कि मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने तीसरे और चौथी श्रेणी के पदों की भर्ती के लिए होने वाले CET की तैयारियों की समीक्षा के लिए वीरवार को सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ मीटिंग की। HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह के साथ बैठक ले रहे मुख्य सचिव ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि परीक्षा स्वतंत्र, निष्पक्ष, सुचारू और पारदर्शी तरीके से आयोजित की जाए।
इसके साथ ही उपायुक्तों को अगले तीन दिन के भीतर अपने-अपने जिलों में उपयुक्त परीक्षा केंद्रों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा। मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा केंद्रों का चयन सुरक्षा, रसद, परिवहन पहुंच और उम्मीदवारों को समायोजित करने की क्षमता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
उपायुक्त इन सभी केंद्रों का पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से निरीक्षण करवाएं। प्रस्तावित केंद्रों की सूची की एक विस्तृत रिपोर्ट सोमवार तक मुख्य सचिव कार्यालय और एचएसएससी चेयरमैन कार्यालय, दोनों को भेजी जानी चाहिए।
मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया की शुचिता को बनाए रखने की सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी तरह की चूक या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

















