Rewari News: प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए गांव कंवाली निवासी प्रगतिशील किसान यशपाल खोला को ‘नवोन्मेषी किसान पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद एवं भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान द्वारा प्राकृतिक कृषि के प्रचार-प्रसार में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित पूसा संस्थान परिसर में आयोजित कृषि मेले के दौरान संपन्न हुआ, जिसमें देशभर के किसानों ने अपने अनुभव साझा किए।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यशपाल खोला को यह सम्मान प्रदान किया। यशपाल खोला पिछले लगभग दस वर्षों से प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के किसानों, कृषि विशेषज्ञों, अधिकारियों तथा बुजुर्गों के आशीर्वाद और सहयोगी संस्थाओं को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देशभर के मेहनती किसानों की सामूहिक सफलता का प्रतीक है।Rewari News

उन्होंने धारुहेड़ा नैचुरल एग्रो फार्म के संचालक राव संजय एवं अरावली किसान क्लब के सदस्यों के सहयोग की भी सराहना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पद्म भूषण डॉ. राजेन्द्र सिंह परौदा (चेयरमैन, टास एवं भूतपूर्व सचिव, डेयर व महानिदेशक, आईसीएआर) उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. सी.एच. श्रीनिवास राव (निदेशक, आईसीएआर) तथा सह-संयोजक डॉ. रवींद्र पडारिया (संयुक्त निदेशक, प्रचार, आईसीएआर) रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रामेश्वर सिंह (बावल), मोहित यादव (उपाध्यक्ष, ब्लॉक रेवाड़ी, अरावली किसान क्लब), शौरव तालियान (मेरठ), नानक चंद (पूर्व शिक्षक, बैरली) सहित अनेक किसान व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। यशपाल खोला की यह उपलब्धि रेवाड़ी जिले के लिए गर्व का विषय है और क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को आगे बढ़ाने की दिशा में एक नई प्रेरणा प्रदान करेगी।

















