भारतीय किसान यूनियन चढूनी की जिला रेवाड़ी इकाई की मासिक बैठक रोहड़ाई गांव में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की आगामी रणनीति और आंदोलन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता राजेंद्र प्रसाद और खोल ब्लॉक के प्रधान ने की। Kisan news
समय सिंह प्रधान ने बताया कि संगठन का विस्तार करते हुए अशोक कुमार को जिला महासचिव नियुक्त किया गया है। बैठक में आगामी 3 अगस्त को रेवाड़ी में राष्ट्रीय प्रधान गुरनाम सिंह चढूनी के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों पर भी रूपरेखा तैयार की गई। इसके लिए यूनियन के पदाधिकारियों को गांव-गांव जाकर अधिक से अधिक किसानों और मजदूरों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई। Kisan news
बैठक के दौरान रोहड़ाई गांव में कुछ किसानों पर नहर विभाग द्वारा दर्ज की गई एफआईआर और पाइप काटने की कार्रवाई की कड़ी निंदा की गई। यूनियन ने पांच दिन में मुकदमे वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मांगे पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मुद्दे को लेकर यूनियन का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को एक्शन इरीगेशन डिपार्टमेंट से मिलेगा।
संगठन ने सरकार पर भी कई आरोप लगाए, जिनमें भावांतर योजना के अंतर्गत बाजरे का भुगतान न होने और क्षतिपूर्ति पोर्टल पर किसानों के खातों में पैसा न पहुंचने को लेकर नाराजगी जताई गई। यूनियन ने बताया कि इस संबंध में डीसी से भी मुलाकात की जा चुकी है, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के चलते अब 15 और 16 जुलाई को जिला सचिवालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया है।
बैठक में महिला जिला प्रधान मुन्नी देवी, श्याम सुंदर, मनफूल चौधरी, रोशन लाल, वीरेन्द्र खेड़ा, ओपी लोहाणा, बाबूलाल, कैलाश, करतार सिंह, कमलेश, शीशराम, राजवीर, सुरेंद्र, दयाचंद, आजाद सरपंच, मास्टर अजीत, सुखरम पाल और अन्य कई पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
















