Rewari News: भारत की वैश्विक शक्ति का नया अध्याय: भारत-ईयू व्यापार समझौता अर्थव्यवस्था के लिए ‘संजीवनी’ – डॉ. वंदना पोपली

On: January 31, 2026 7:07 PM
Follow Us:
vandna popli

Rewari News: रेवाड़ी। भारत और यूरोपीय संघ (EU) के बीच हुए ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को भाजपा रेवाड़ी जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने भारत की वैश्विक शक्ति का एक नया स्वर्णिम अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’ न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था को स्थिरता प्रदान करेगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत के बढ़ते कद का प्रमाण भी है।Rewari News

डॉ. वंदना पोपली ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जब दुनिया भर में ‘ट्रंप टैरिफ’ और संरक्षणवाद के कारण व्यापारिक अस्थिरता का माहौल है, ऐसे समय में यह समझौता भारत के लिए एक ‘इकनॉमिक शील्ड’ की तरह काम करेगा। यह सौदा अमेरिकी नीतियों से संभावित जोखिमों को कम कर हमारे निर्यातकों को यूरोप का एक विशाल और सुरक्षित बाजार प्रदान करेगा। उन्होंने आगे कहा कि “यह समझौता केवल व्यापारिक संधि नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शी कूटनीति का परिणाम है, जिसने वैश्विक अनिश्चितता के दौर में भारतीय अर्थव्यवस्था को एक सुरक्षित किला प्रदान किया है।”

डॉ. पोपली ने इस समझौते के हरियाणा पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा का ‘ऑटो हब’ और रेवाड़ी-बावल के इंजीनियरिंग उद्योगों को यूरोपीय तकनीक और निवेश का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त हरियाणा के टेक्सटाइल और लघु उद्योगों के लिए यूरोप के द्वार अब बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के खुल जाएंगे, जिससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।आईटी और सर्विस सेक्टर के बारे में उन्होंने कहा कि हरियाणा के प्रोफेशनल्स को अब यूरोप के 144 सर्विस सेक्टर्स में आसानी से काम करने का मौका मिलेगा।

 

इस डील के तहत भारत के 99% से अधिक निर्यात उत्पादों (जैसे कपड़ा, चमड़ा, आभूषण और कृषि उत्पाद) पर टैरिफ खत्म होने से देश के विदेशी मुद्रा भंडार में भारी बढ़ोतरी होगी। डॉ. वंदना पोपली ने अंत में कहा “आज भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर तेजी से अग्रसर है। इस समझौते से रेवाड़ी जैसे औद्योगिक जिलों के उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलेगी और हमारा मध्यम वर्ग सस्ती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाली तकनीक और उत्पादों का लाभ उठा सकेगा।

Sunil Chauhan

सुनील चौहान हरियाणा के रेवाड़ी और धारूहेड़ा क्षेत्र की खबरों को कवर करते हैं। उन्हें पत्रकारिता में 10 साल का अनुभव है और वे सामाजिक, प्रशासनिक और स्थानीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now