रेवाडी: शहर के मॉडल टाउन में शिव चौक के समीप डेढ़ साल पहले सुरक्षा के लिए तैयार कराई गई पुलिस की अस्थायी पोस्ट को नगर परिषद ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस पोस्ट को हटाए जाने पर मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने रोष प्रकट करते हुए यहां पर लगाए जाने की मांग की है।
नगर परिषद की तरफ से व्यापारिक संगठनों की मांग के पश्चात मॉडल टाउन सहित अन्य स्थानों पर पुलिस पोस्ट बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके बाद पहली पोस्ट मॉडल टाउन में ही तैयार कराई गई जिसके बाद पुलिस की तरफ से यहां पर स्टाफ की भी नियुक्ति कर दी गई थी।
इस तरह की पुलिस पोस्ट दो अन्य स्थानों पर भी तैयार कराई जानी थी लेकिन केवल मॉडल टाउन ही तैयार हो पाई थी। हालांकि काफी समय तक इस पुलिस पोस्ट पर ताला भी लगा रहा था जिसके बाद मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन ने इस बाबत पुलिस अधिकारियों से मिलकर यहां पर पुलिस कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति की मांग की थी।
अब एसोसिएशन के दावा है कि यहां पर पुलिस कर्मियों की भी तैनाती हो गई थी लेकिन अचानक ही शनिवार सुबह पोस्ट यहां से गायब हो गई। इसके बाद से इसकी जानकारी जब एसोसिएशन के पास पहुंची तो उन्होंने अपने स्तर पर तहकीकात भी की लेकिन कोई पता नहीं चला। तत्पश्चात पता चला कि इस पोस्ट को नगर परिषद की तरफ से हटवाया गया है। नप की तरफ से इसको हटवाए जाने को लेकर एसोसिएशन ने कहा कि यहां पर पुलिस पोस्ट की जरूरत होने के बाद भी इसे हटवाया जाना गलत है।
दोबारा लगाए जाए : प्रधान
मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसोसिएशन की मांग पर ही यह पुलिस पोस्ट तैयार हुई थी और यहां पर अब पुलिसकर्मियों की तैनाती हो गई थी। अब अचानक ही इसे हटा दिया गया है। हमने इस बाबत पुलिस अधिकारियों को भी अवगत कराया तो पता चला कि नप की तरफ से पोस्ट को हटवाया है। यह गलत है, क्योंकि पुलिस सुरक्षा के लिहाज से ही इस तैयार कराया गया था। हम इस बाबत जल्द ही अधिकारियों से मिलकर इसे यहां पुन: रखवाने की मांग करेंगे।
-निक्कू राव, प्रधान मॉडल टाउन ट्रेडर्स एसो.।
रामसिंहपुरा के लिए थी पोस्ट : एक्सईएन
पुलिस पोस्ट को नगर परिषद की तरफ से ही तैयार कराया गया था और यह रामसिंहपुरा के लिए बनवाई गई थी। डेढ़ साल पहले कुछ समय के लिए ही इसे मॉडल टाउन में लगाया गया था और अब यहां पर पुलिस भी नहीं रहती थी। इस बाबत लोगों की शिकायतें भी आई कि रात के समय यहां पर असामाजिक तत्व खड़े होते हैं। चूंकि यह रामसिंहपुरा के लिए था इसलिए इस पोस्ट को वहीं शिफ्ट किया गया है।-अजय सिक्का, एक्सईएन, नगर परिषद।
हमें भी नहीं पता कैसे हटी : थाना प्रभारी
मॉडल टाउन में स्थित पुलिस पोस्ट पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई थी और रात के समय भी पुलिसकर्मी मौजूद रहते थे। अब इस पोस्ट को हटा दिया गया है लेकिन हमें नहीं पता किस वजह से हटाया गया है। व्यापारियों से ही हमें यह जानकारी मिली है।- इंस्पेक्टर कबूलसिंह, थाना प्रभारी मॉडल टाउन।















