रेवाड़ी: सुनील चौहान। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर राव तुलाराम स्टेडियम से रन फार यूनिटी दौड़ का आयोजन किया गया। एसडीएम रविद्र यादव और सीटीएम रोहित कुमार ने प्रतिभागियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें सैकड़ों युवाओं ने एक साथ दौड़ लगाकर एकता का संदेश दिया।
रन फार यूनिटी दौड़ राव तुलाराम स्टेडियम से शुरू होकर पंडित भगवत दयाल शर्मा चौक से होते हुए वापस राव तुलाराम स्टेडियम पर आकर समाप्त हुई। इस दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ भी दिलाई गई।
एसडीएम रविद्र यादव ने संबंधित अधिकारियों के साथ सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल राष्ट्र एकता के अनोखे शिल्पकार थे। उन्होंने देश के लोगों को एकता के सूत्र में पिरोते हुए नव भारत का निर्माण किया, जिसके लिए उन्हें भारत का लौह पुरुष भी कहा जाता है। सीटीएम ने कहा कि हमें आज के दिन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। यही हमारी ओर से सरदार वल्लभ भाई पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को देशभक्त पटेल के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेनी चाहिए तभी हमारा समाज व देश तरक्की करेगा। रन फार यूनिटी के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा युवाओं को विधिक सेवा प्राधिकरण के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए कानूनी जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी सुदेश कुमार, नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा समन्वयक मोनिका नांदल, पैरा ओलंपियन टेकचंद, एडवोकेट यशपाल आदि मौजूद रहे।
















