रेवाड़ी: दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित निखरी के पास एक अज्ञात कैंटर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के साथी की शिकायत पर अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव शेखपुर निवासी अमरजीत ने बताया कि 4 मार्च की रात वह अपने साथी आशीष कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर होली मेले पर बाबा मोहन राम के मेला देखने जा रहे थे। जब वे गांव निखरी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रहे एक अज्ञात कैंटर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के समय दोनों ने हेलमेट पहना हुआ था, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशीष का हेलमेट निकल गया और वह सिर के बल सड़क पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद अमरजीत तुरंत आशीष को उपचार के लिए रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे रोहतक रेफर दिया। रोहतक में उपचार के चलते उसकी मौत हो गई। थाना धारूहेड़ा के सहायक उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

















