Haryana crime: रेवाड़ी। सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है। रेवाड़ी की महिला की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया। इतना ही नहीं फोटो एडिट कर अश्लील सामग्री के रूप में पोस्ट की और अलग-अलग आईडी से उसे लगातार आपत्तिजनक संदेश भेजे। साइबर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजस्थान के अलवर जिले के गांव धीरधोका निवासी आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।Haryana crime
जानिए क्या है मामला: पीड़ित महिला ने 10 जनवरी को साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में महिला ने बताया कि वह अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नियमित रूप से रील पोस्ट करती थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके नाम और पहचान का दुरुपयोग करते हुए एक फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बना ली। आरोपी ने महिला के असली वीडियो और फोटो से छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप में पोस्ट करना शुरू कर दिया, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा।Haryana crime
फर्जी आईडी बनाकर खेला खेल: महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी केवल फर्जी आईडी बनाकर ही नहीं रुका, बल्कि वह अलग-अलग इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से उसे व्यक्तिगत रूप से मैसेज भी भेजता रहा। इन संदेशों में अश्लील और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा महिला की असली इंस्टाग्राम आईडी पर भी आरोपी द्वारा अभद्र टिप्पणियां की जाती थीं। लगातार हो रही इस ऑनलाइन प्रताड़ना से परेशान होकर महिला को मजबूरन अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सभी पोस्ट डिलीट करनी पड़ी।
साइबर पुलिस ने किया मामला दर्ज: शिकायत के साथ महिला ने फर्जी आईडी से की गई अश्लील पोस्ट और मैसेज के स्क्रीनशॉट भी साइबर पुलिस को सौंपे। साक्ष्यों के आधार पर साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन और डिजिटल गतिविधियों का विश्लेषण किया गया, जिसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के धीरधोका गांव से आरोपी राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
मामला दर्ज’ साइबर पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल व अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने इस तरह की हरकत किसी और के साथ भी की है या नहीं।

















