Asian Indoor Athletics Championships: हरियाणा की दो प्रतिभाशाली एथलीट योगिता भिवानी और पूजा फतेहाबाद 12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए तेंजिन, चीन में भारतीय ध्वज फहराएंगी। यह प्रतिष्ठित तीन दिवसीय प्रतियोगिता 6 फरवरी से 8 फरवरी तक आयोजित की जा रही है, जिसमें एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 17 सदस्यीय भारतीय दल हिस्सा ले रहा है। हरियाणा से चयनित इन खिलाड़ियों से प्रदेश और देश को पदक की उम्मीदें हैं।
एथलेटिक्स हरियाणा के अध्यक्ष दिलबाग सिंह ने बताया कि भारतीय दल तेंजिन पहुंच चुका है और सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस दल में शॉट पुट इवेंट में योगिता भिवानी और हाई जंप इवेंट में पूजा फतेहाबाद हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन किया है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी उनसे मजबूत प्रदर्शन की अपेक्षा की जा रही है।Asian Indoor Athletics Championships
दक्षिण एशिया एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष डॉ. ललित के भनोट के कुशल निर्देशन में एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का दल इस चैंपियनशिप में अपना खेल कौशल प्रदर्शित करेगा। खेल हरियाणा के मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न ट्रैक और फील्ड इवेंट्स में भारत के एथलीट हिस्सा लेंगे, जिनमें कई युवा और अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं।
एथलेटिक्स हरियाणा के महासचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि हाई जंप में पूजा फतेहाबाद के साथ जे आदर्श राम, शॉट पुट में योगिता भिवानी के साथ तेजेंद्र पाल सिंह टूर, गिल समयदीप सिंह, हैप्टाथलॉन में तेजस्विन शंकर, पेंटाथलॉन में के ए अनामिका, 60 मीटर दौड़ में मणिकांता होबलीधर, नित्या गांधी, अभिनाया राजाराजन, 60 मीटर हर्डल्स में तेजस सिरसे, मौमिता मंडल और प्रज्ञान प्रशांत, लॉन्ग जंप में एंसी सोजन इडापिल्लै, शहनवाज खान, सी वी अनुराग, मौमिता मंडल तथा ट्रिपल जंप में परवीन छित्तरवाल भारतीय दल का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।Asian Indoor Athletics Championships
देश का नाम रोशन करेंगी: एथलेटिक्स हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह भादू और एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार मिटान सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी एथलीटों को प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद है कि हरियाणा की बेटियां अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगी।Asian Indoor Athletics Championships

















