रेवाड़ी: सांसद नवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा रेवाड़ी जिला के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन शहर में अलग-अलग स्थानों पर किया गया, जहां कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी लगातार मर्यादा की सीमाएं लांघ रही है, जिसे किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
फूकां पुतला: इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया और जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने कहा कि कांग्रेस की यह सोच सिख समाज के प्रति उसकी नफरत और असहिष्णु मानसिकता को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार इस तरह की टिप्पणियां कर कांग्रेस समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास कर रही है।

बिना शर्त माफी मांगे: भाजपा नेताओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में असहमति और आलोचना का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपने बयान पर तुरंत और बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए। यदि कांग्रेस नेतृत्व इस पर चुप्पी साधे रहता है, तो इससे उसकी मंशा और भी स्पष्ट हो जाएगी।
जमकर नारे लगाए और चेतावनी दी‘ प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारे लगाए और चेतावनी दी कि यदि भविष्य में इस तरह की बयानबाजी दोहराई गई तो भाजपा सड़कों पर उतरकर और बड़ा आंदोलन करेगी।
















