Haryana News: हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर मनरेगा को कमजोर करने और धीरे-धीरे खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मनरेगा कांग्रेस सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना रही है, जिसने करोड़ों गरीबों, किसानों और मजदूरों को रोजगार और आजीविका का सहारा दिया। अब भाजपा सरकार उसी के समानांतर नई योजना लाकर मनरेगा को अप्रासंगिक बनाने का प्रयास कर रही है। कटारिया ने इसे गरीब और मजदूर विरोधी कदम बताया।Haryana News
मनरेगा बचाओ संग्राम: रेवाड़ी जिले के कोसली विधानसभा क्षेत्र के गांव नांगल भगवानपुर में हरियाणा युवा कांग्रेस की ओर से मनरेगा बचाओ संग्राम को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक भाजपा सरकार द्वारा मनरेगा के समानांतर विकसित भारत–जी राम जी नामक नई रोजगार गारंटी योजना लागू किए जाने के विरोध में बुलाई गई थी। बैठक का नेतृत्व हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने किया, जबकि इसकी अध्यक्षता युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राज प्रकाश ने की।Haryana News
विकास के नाम पर आंकड़ों का खेल: निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर केवल आंकड़ों का खेल खेल रही है, जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष मनरेगा के लिए 86 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा गया था, लेकिन मौजूदा समय में इसे घटाकर केवल 30 हजार करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके उलट नई रोजगार गारंटी योजना विकसित भारत–जी राम जी के लिए 95,692 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की मंशा साफ हो जाती है कि वह मनरेगा को कमजोर करना चाहती है।
लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष होगा: बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत हरियाणा युवा कांग्रेस जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन को तेज करेगी। संगठन गांव-गांव जाकर लोगों को मनरेगा के महत्व के बारे में जागरूक करेगा और भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस गरीबों, किसानों और मजदूरों की आवाज बनकर सड़क से सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेगी।
ये रहे मौजूद’ इस अवसर पर पूर्ण सरपंच, प्रकाश सरपंच, जयप्रकाश मास्टर, सतबीर गिरदावर, वीर सिंह, पुनीत बुलान जिलाध्यक्ष महेंद्रगढ़, पवन यादव कोसली विधानसभा अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में भाजपा सरकार के फैसले की कड़ी निंदा करते हुए मनरेगा को बचाने के लिए आंदोलन तेज करने का संकल्प लिया।

















