धारूहेडा: गांव रसगन में रोड के किनारे कूड़ा डालने बाद प्रदूषण विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंचे प्रदूषण नियंत्रण विभाग के एसडीओ अजय कुमार ने जांच के बाद बीडीपीओ धारूहेड़ा पर 25 हज़ार रुपये जुर्माना लगाया है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव रसगन में सड़क के साथ लंबे समय से कूड़ा डाला जा रहा था, जिससे न केवल गंदगी फैल रही थी बल्कि पर्यावरण और आमजन के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने प्रदूषण विभाग के आरओ को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए विभागीय एसडीओ मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान राजबीर यादव पंच, राव अभय सिंह, धनराज पंच, दीपक कुमार, बलबीर कुमार, विकास यादव, कुलदीप यादव सहित अन्य ग्रामीण शामिल थे। ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि कई बार मौखिक शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते उन्हें मजबूरन प्रदूषण विभाग का सहारा लेना पड़ा।प्रदूषण विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही संबंधित पक्ष को निर्देश दिए कि भविष्य में कूड़े का निस्तारण तय नियमों के अनुसार ही किया जाए।

















