Haryana: पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में वोट चोरी के खुलासे पर गंभीर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग से जवाब मांगा। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सबूतों के साथ वोट चोरी का भंडाफोड़ किया है और इसके बावजूद आयोग निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा। उनका कहना था कि यह सिर्फ हरियाणा का मामला नहीं, बल्कि पूरे देश और लोकतंत्र का सवाल है।
हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग को अपना काम निष्पक्षता से करना चाहिए, जो इस बार नहीं हुआ। उन्होंने जोर देकर कहा कि बार-बार कहा गया है कि चुनाव बैलेट पेपर से करवाए जाने चाहिए। इस बार भी बैलेट पेपर की गिनती में कांग्रेस 73 सीटों पर आगे थी, लेकिन ईवीएम की गिनती में पिछड़ गई। उन्होंने चुनाव नतीजों में विसंगतियों की ओर ध्यान दिलाया और बताया कि पोलिंग वाले दिन 61.19 प्रतिशत मतदान दिखाया गया, 6 तारीख को 65.65 प्रतिशत और 7 अक्टूबर को 67.9 प्रतिशत वोट दिखाए गए। हर विधानसभा में औसतन 15,175 वोट रातों-रात बढ़ाकर दिखाए गए।
फर्जी वोट और जनादेश की चोरी
प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि राहुल गांधी के खुलासे से यह साबित हुआ कि हरियाणा में करीब 25 लाख वोटों की हेराफेरी हुई, यानी हर 8 में से 1 वोट फर्जी था। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। पोस्टल बैलट में कांग्रेस आगे थी, लेकिन मशीन खुलते ही भाजपा आगे हो गई। हार और जीत में केवल 22,779 वोटों का अंतर था, जबकि लोकसभा चुनाव के बाद 3.5 लाख वोट हटा दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने जनादेश का अपमान किया है।
अनोखे फर्जी वोटर मामलों का खुलासा
राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया कि हरियाणा में इतनी धांधली हुई कि ब्राज़ील की एक मॉडल के नाम पर 10 बूथों पर 22 वोट अलग-अलग नामों से बनाए गए। एक ही फोटो के साथ 223 वोट एक बूथ में दर्ज किए गए। एक ही घर में 501 वोटर रजिस्टर किए गए और पूरे राज्य में 1,24,177 फर्जी तस्वीरों वाले वोटर पाए गए। इसके अलावा, हजारों लोग ऐसे हैं जिनके वोट हरियाणा और उत्तर प्रदेश दोनों जगह दर्ज हैं, इनमें कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी शामिल हैं। यहां तक कि पुराने दो मंज़िला मकानों को “मकान संख्या 0” दिखा दिया गया। कांग्रेस ने घोषणा की कि वह सरकार चोरी के खिलाफ हर जिले में जोरदार प्रदर्शन करेगी।

















