Rewari News: डॉक्टर्स फॉर सोसाइटी की ओर से संचालित विशेष पहल “बेटी से संपूर्ण परिवार” कार्यक्रम का आयोजन इस वर्ष भी किया जाएगा। यह आयोजन वर्ष 2016 से निरंतर प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है और समाज में परिवार नियोजन व बेटियों को समान महत्व देने का संदेश देने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का आयोजन 18 सितम्बर 2025 को दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक ललिता मेमोरियल हॉस्पिटल, रेवाड़ी में होगा। इस अवसर पर वे परिवार शामिल होंगे जिन्होंने एक या दो बेटियों के उपरांत परिवार नियोजन अपनाकर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
इन सभी परिवारों को डॉक्टर्स फॉर सोसाइटी की ओर से विशेष चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसमें ओपीडी शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रहेगा, वहीं अस्पताल में एडमिशन पर 50 प्रतिशत छूट उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रेवाड़ी के उपायुक्त शामिल होंगे। आयोजकों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि बेटियां परिवार की संपूर्णता का प्रतीक हैं और उनके बाद भी परिवार खुशहाल और पूर्ण हो सकता है।

















