IGU Rewari : इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी में कुलपति प्रोफेसर असीम मिगलानी की अध्यक्षता में यूथ वेलफेयर कमेटी की आठवीं बैठक आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थी एवं युवा कल्याण से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।बैठक में लिए गए सबसे महत्वपूर्ण निर्णयों की बात की जाए तो विश्वविद्यालय द्वारा पहली बार जोनल यूथ फेस्टिवल का आयोजन करवाया जाएगा।IGU Rewari
इसके लिए युवा महोत्सव को 2 जोन में विभाजित किया गया है। रेवाड़ी जोन का यूथ फेस्टिवल केएलपी कॉलेज रेवाड़ी तथा महेंद्रगढ़ जॉन का यूथ फेस्टिवल आरपीएस इंजीनियरिंग कॉलेज महेंद्रगढ़ द्वारा आयोजित किया जाएगा। इन आयोजनों को छात्र कल्याण विभाग द्वारा प्रायोजित किया जाएगा और आयोजन करने वाले दोनों महाविद्यालय को विभाग की ओर से ₹6 लाख रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।IGU Rewari
इससे पूर्व अभी तक रेवाड़ी एवं महेंद्रगढ़ जिलों के 135 से अधिक महाविद्यालयों के लिए संयुक्त रूप से एक ही यूथ फेस्टिवल का आयोजन होता था जिस कारण टीमों की संख्या अधिक हो जाती थी और कार्यक्रम देर रात तक चलाने पड़ते थे और आयोजकों को भी कठिनाइयां होती थी।
बैठक में युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए एक ओर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि शैक्षणिक सत्र 2025–26 के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को साहसिक खेलों में प्रोत्साहित करने हेतु कुल 4 एडवेंचर कैंप आयोजित किए जाएंगे (2 लड़कों के लिए एवं 2 लड़कियों के लिए)। इनमें विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (UTD) एवं संबद्ध कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रत्येक कैंप में 30 विद्यार्थी शामिल होंगे। ये कैंप उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश आदि स्थानों पर अक्टूबर 2025 से जून 2026 के बीच आयोजित कराए जाएंगे। इसके लिए ₹10 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है।
बैठक में यह भी अनुमोदित किया गया कि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी राज्य स्तरीय एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और विभिन्न पुरस्कार प्राप्त कर रहे हैं जिसे देखते हुए विद्यार्थियों को एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ (AIU) के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने और उनकी समुचित तैयारी हेतु ₹20 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है।
इस बैठक में कुछ अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए जिनमें प्रमुख निर्णय निम्नलिखित है:
•ज़ोनल स्तर पर ओवरऑल ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹21,000 की राशि प्रदान की जाएगी।
•इंटर-ज़ोनल स्तर पर ओवरऑल ट्रॉफी जीतने वाली टीम को ₹31,000 की राशि दी जाएगी।
•AIU के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय फेस्टिवल में 1st, 2nd, 3rd, 4th एवं 5th स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के प्रत्येक सदस्य को क्रमशः ₹15,000, ₹11,000, ₹7,100, ₹6,100 तथा ₹5,100 की राशि कल्चरल स्टाइपेंड के रूप में प्रदान की जाएगी।
•AIU ज़ोनल यूथ फेस्ट में 1st, 2nd एवं 3rd स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के प्रत्येक सदस्य को क्रमशः ₹5,100, ₹4,100 एवं ₹3,100 की राशि स्टाइपेंड के रूप में दी जाएगी।
विश्वविद्यालय की निदेशक युवा कल्याण प्रोफेसर अदिति शर्मा द्वारा बैठक का संचालन किया गया और विभिन्न एजेंडो को कुलपति के सम्मुख प्रस्तुत किया। अंत में कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने उपस्थित सभी सदस्यों एवं आमंत्रितों का आभार व्यक्त किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रोफेसर करण सिंह, प्रोफेसर तेज सिंह, चीफ वार्डन प्रोफेसर सतीश कुमार, अंग्रेजी विभाग की अध्यक्ष प्रोफेसर रोमिका बत्रा, डॉ. कविता गुप्ता, प्रिंसिपल, किशन लाल पब्लिक कॉलेज रेवाड़ी, डॉ. पूर्ण प्रभा, प्रिंसिपल गवर्नमेंट कॉलेज, नारनौल, डॉ. ज्योति यादव, प्रिंसिपल गवर्नमेंट कॉलेज, रेवाड़ी, डॉ. राजेश बंसल विशिष्ट आमंत्रित सदस्य, प्रिंसिपल गवर्नमेंट कॉलेज, बावल, प्रिंसिपल यदुवंशी कॉलेज, नारनौल, डॉ. कुसुम यादव, प्रिंसिपल, आरबीएस कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन रेवाड़ी, निदेशक आरपीएस कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, महेंद्रगढ़ एवं छात्र प्रतिनिधि के रूप में अंकित एवं शशि उपस्थित रहे।

















