Haryana news: हरियाणा में सरकार लिंगानुपात सुधारने को लेकर सख्त नजर आ रही है। इसके लिए लगातार प्रयास भी कर रही है। लेकिन इसके बावजूद 4 जिलों में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है। ये जिले हैं गुरुग्राम, करनाल, पलवल और चरखी दादरी। जिसमें गुरुग्राम में लिंगानुपात 855, चरखी दादरी में 859, करनाल में 906 और पलवल में 874 है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने चारों जिलों में अवैध गर्भपात को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को शक है कि इन 4 जिलों में अभी भी कुछ गिरोह सक्रिय हो सकते हैं। इसलिए अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल ने चारों जिलों में अवैध गर्भपात में शामिल बीएमएस डॉक्टरों और अयोग्य डॉक्टरों (झोलाछाप डॉक्टरों) की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गर्भपात की समीक्षा करने के आदेश
इसके लिए मुख्य सचिव को पिछले 6 महीने के दौरान हुए गर्भपात के मामलों की समीक्षा करने को कहा गया है। साथ ही अवैध गर्भपात केंद्रों पर नकेल कसने और एमटीपी किट की अवैध बिक्री को रोकने के आदेश दिए हैं। उन्होंने इन जिलों में गठित जिला टास्क फोर्स की नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए हैं.

















