Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा) : देशभर में मौसम बदलाव के दौर से गुजर रहा है। मार्च के अंत तक भीषण गर्मी की एंट्री होगी। फिलहाल, उत्तर भारत में बादलों की आवाजाही के साथ सूरज भी चमक बिखेर रहा है। यूपी, बिहार, राजस्थान, हरियाणा-पंजाब, दिल्ली-एनसीआर समेत विभिन्न राज्यों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
आईएमडी के मुताबिक, आने वाले समय में तेज गर्म हवाएं लू के साथ भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। स्काईमेट के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान लद्दाख, जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में कमी आएगी और दिन में कोल्ड डे जैसी स्थिति रहेगी।
उधर, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उधर, कर्नाटक और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 28 से 30 और 31 मार्च तक साइक्लोन सर्कुलेशन के कारण मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
कमोबेश यही हालात गुजरात के विभिन्न हिस्सों में दिखाई देंगे। 30 मार्च से 2 अप्रैल तक बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने के साथ ओलावृष्टि का भी खतरा बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही का दौर खत्म होते ही पारा चढ़ने लगा है। रोजाना 1 से 2 डिग्री तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। हालांकि, सुबह हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जो अभी अप्रैल में भी जारी रहेगी। लेकिन, सुबह 8 बजे के बाद सूरज अपनी तपिश से परेशान करेगा। आईएमडी ने अगले 4 से 5 दिन कई इलाकों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान जारी किया है। 28 मार्च से तेज पछुआ हवाएं चलेंगी, जिससे लू का एहसास होगा। अगर, यही हवाएं रात में चलती हैं तो तापमान में मामूली गिरावट देखी जाएगी। कमोबेश यही हालात बिहार का भी रहेगा।
जम्मू-कश्मीर में मौसम कैसा है?
जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादलों की आवाजाही का दौर शुरू है। कई इलाके बादलों से ढके हुए हैं। घाटी के ऊपरी हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। 26 मार्च को अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी का दौर शुरू होगा, जिससे तापमान में भी गिरावट देखी जाएगी। निचले इलाकों में भी बारिश की संभावना है। यह दौर 27 मार्च तक जारी रहेगा। हालांकि, अप्रैल में मौसम साफ हो जाएगा और धीरे-धीरे गर्मी का स्तर बढ़ना शुरू होगा। फिलहाल, श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में -1 के करीब, कुपवाडा में 0.6, काजीकुंड में 3.6 और गुलमर्ग में 2.6 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। लाहौल स्पीति, चंबा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ हिमापात हो सकता है। चंबा, कुल्लू, कांगड़ा में बारिश के साथ बर्फबारी होने से तापमान में कमी आएगी। लेकिन, कई इलाकों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच रहा है।
दिल्ली कल का मौसम
दिल्ली में 26 मार्च 2025 को मौसम गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। तापमान में बढ़ोतरी से लोग को गर्मी से गुजरना पड़ रहा है। दिल्ली में तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है। बुधवार को इसमें थोड़ी वृद्धि की संभावना है। अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 22-23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अगर, बारिश की बात करें तो अभी कोई बड़े मौसमी गतिविधि को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। वर्षा की संभावना न के बराबर है। लेकिन, वायु प्रदूषण का खतरा बना रहेगा। दिल्ली में एक्यूआई (AQI) 150-200 के बीच रहेगा, जो ‘मध्यम’ से ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम
राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में गर्मी का दौर शुरू हो गया है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक तक पहुंच गया है। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ हिस्सों में कल से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इसके मुताबिक इस समय राज्य के अधिकतर भागों में अधिकतम तापमान तीन से पांच डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। बीते 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.2 डिग्री ऊपर है।
बाड़मेर, जोधपुर, जालोर एवं आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज होने तथा कहीं-कहीं ‘हीटवेव’ की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, 26-27 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में 20-30 किलोमीटर की रफ्तार से अपेक्षाकृत तेज हवाएं चलने, आंशिक बादल छाए रहने एवं 26-28 मार्च को तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट होने की प्रबल संभावना है। राज्य के अधिकतर भागों में आगामी दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश का मौसम
मध्य प्रदेश में 26 मार्च 2025 को गर्मी के साथ मौसम के शुष्क रहने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, और ग्वालियर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23-25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 8-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। फिलहाल, बारिश को लेकर कोई संभावना नहीं है, हालांकि मध्य प्रदेश के कुछ पूर्वी हिस्सों में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
मार्च में कैसा रहेगा मौसम
मार्च का महीना अभी खत्म नहीं हुआ है, लेकिन गर्मी ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को अभी से ही परेशान करना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस सप्ताह गर्मी और अधिक सताएगी। 30 मार्च तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को नोएडा जिले का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप के कारण लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। हालांकि, रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, लेकिन दिन में चिलचिलाती धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
मार्च में ही अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है। लोगों ने अभी से ही घरों में एसी और पंखे चलाने शुरू कर दिए हैं। इस बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है। अधिक गर्मी के कारण सर्दी, खांसी और बुखार जैसी समस्याएं तेजी से फैल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 26 मार्च को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 27 मार्च को तेज सतही हवाओं के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है। 28, 29 और 30 मार्च को भी दिन में गर्मी तेज रहने की संभावना है। 30 और 31 मार्च को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं, लेकिन गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
तमिलनाडु में बारिश अलर्ट
तमिलनाडु में अगले दो दिन तक हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है। आरएमसी के मुताबिक, अगले दो दिनों में तमिलनाडु के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 27 मार्च से बारिश फिर शुरू होने की उम्मीद है और इसके अगले दिन तक जारी रहने की संभावना है। चेन्नई में भी रविवार को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
| शहर का नाम | न्यूनतम तापमान | अधिकतम तापमान |
| पटना | 22 °C | 34 °C |
| लखनऊ | 20 °C | 35 °C |
| रायपुर | 21 °C | 36 °C |
| रांची | 17 °C | 30 °C |
| हैदराबाद | 23 °C | 34 °C |
| चेन्नई | 27 °C | 32 °C |
| तिरुवनंतपुरम | 26 °C | 33 °C |
| बेंगलुरु | 22 °C | 32 °C |
| जयपुर | 22 °C | 36 °C |
| भोपाल | 21 °C | 35 °C |
| दिल्ली | 19 °C | 36 °C |
| कश्मीर | 4 °C | 14 °C |
| शिमला | 9 °C | 22 °C |
| देहरादून | 14 °C | 28 °C |
कहां लू अलर्ट?
स्काईमेट ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट है। आईएमडी ने आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।
कब आएगा प्री मॉनसून?
मध्य भारत के कुछ भागों में 19 मार्च से प्री मॉनसून संकेत मिल रहे हैं। इनमें बंगाल, छत्तीसगढ़, ओडिशा, एमपी का पूर्वी भाग, तेलंगाना और पूर्वी भारत में प्री मॉनसून एक्टिव हो सकता है। 19 मार्च से पहाड़ी राज्य कश्मीर, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से एक बार फिर बादलों की आवाजाही शुरू होगी, जिससे हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। जम्मू-कश्मीर में हल्की बर्फबारी हो सकती है।
सनबर्न क्या होता है?
गर्मियों के मौसम में सनबर्न का अलर्ट रहता है। सनबर्न त्वचा के लिहाज से काफी हानिकारक होती है। चिकित्सा की भाषा में इसे डर्माटाइटिस सोलारिस कहा जाता है। सनबर्न सूरज की यूवी किरणों के ज्यादा संपर्क में आने से होती है। इससे स्किन पर इरिटेशन होने लगती है, जिससे त्वचा में छाले, सूजन और लाल दाग पड़ने लगते हैं और दर्द होने लगता है। कुल मिलाकर स्किन झुलस जाती है, जिससे उसका कलर डार्क हो जाता है।
हीटवेव क्या है?
भीषण गर्मियों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया जाता है। हीटवेट तब होती है जब किसी खास जगह पर तीन दिन तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान असामान्य रूप से गर्म होता है। इसे उस क्षेत्र की स्थानीय जलवायु और पिछले मौसम के संबंध में माना जाता है। इस दौरान तापमान सामान्य औसत से अधिक पहुंच जाता है तो उसे हीटवेव कहा जाता है। खासकर, मार्च से जून के दौरान और कुछ दुर्लभ मामलों में जुलाई के महीने में ये स्थिति बनती है। हीटेवव के दौरान लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत होती है। आमतौर पर शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक होने पर पानी की कमी बुखार, उल्टी, दस्त, थकान, कमजोरी इत्यादि लक्षण दिखाई देते हैं।
कोल्ड डे क्या है?
कश्मीर-हिमाचल प्रदेश में अभी भी कोल्ड के जैसी स्थिति है। लोग जानना चाहते हैं कि Cold Day क्या होता है? तो बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, कोल्ड डे तब माना जाता है, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम रहे और अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री सेल्सियत कम दर्ज किया जाए। उन दिनों को कोल्ड डे में काउंट करते हैं। इस दौरान दिन और रात के तापमान में अधिक अंतर नहीं होता है, लिहाजा लोगों को सर्दी से राहत की उम्मीद कम रहती है।

















