लव मैरिज के बाद रूठकर मायके गई पत्नी, पति ने गोली मार की सरेआम हत्या

On: September 20, 2021 3:06 PM
Follow Us:

हरियाणा: सुनील चौहान। पानीपत में लव मैरिज के 9 महीने बाद ही एक युवक ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पति-पत्नी में झगड़े के कारण करीब 10 दिन पहले ही युवती अपने मायके आई थी। सोमवार को देसी पिस्तौल लेकर पहुंचे पति ने कमरे में अकेली पत्नी को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर पहुंचने अन्य लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।
मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के गांव परतापुर निवासी इरफान ने बताया कि वह अपनी मां आसमा, पिता इस्लाम, बहन आयशा, रुखसार और 21 वर्षीय बहन मुस्कान के साथ सेक्टर-29 के पार्ट-2 स्थित मनीष कॉलोनी में किराये पर रहता है। सभी ने अलग-अलग कमरे लिए हुए हैं। बहन मुस्कान और रुखसार एक कमरे में रहती थी। मुस्कान ने करीब 9 महीने पहले कॉलोनी में ही किराए पर रहने वाले विजय से लव मैरिज की थी। बीते 10 दिन से दोनों में किसी बात को लेकर खटपट चल रही थी। तभी से मुस्कान उनकी बहन रुखसार के साथ रह रही थी। सोमवार को वह और मां फैक्टरी चले गए।

सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे बहन रुखसार कपड़े सुखाने छत पर चली गई। तभी आरोपी विजय देसी पिस्तौल लेकर कमरे में घुसा और कहासुनी के बाद उसने मुस्कान के सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर आ गए। उन्होंने आरोपी विजय को पकड़कर सेक्टर-29 थाना पुलिस को सूचना दी।

साथ नहीं आई तो तुझे भी मार दूंगा और खुद भी मर जाऊंगा
मुस्कान की मां आसमा ने बताया कि आरोपी ने उनकी बेटी को फोन करके धमकी दी थी कि अगर साथ नहीं आई तो तुझे भी मार दूंगा और खुद भी मर जाऊंगा। मुस्कान को मारने के बाद आरोपी ने कॉलोनी के मालिक मनीष को देसी पिस्तौल और एक गोली थमाकर उसे मारने के लिए कहा था। पुलिस ने मौके से पिस्तौल और गोली बरामद की है।

9 महीने पहले की थी लव मैरिज:
सेक्टर-29 थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी विजय ने 9 महीने पहले मुस्कान से लव मैरिज की थी। तभी से दोनों साथ रहे। किसी बात को लेकर कुछ दिन पहले दोनों में झगड़ा हुआ तो मुस्कान अपने मायके आ गई। आरोपी को उत्तर-प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।

P Chauhan

मै पीके चौहान पिछले 6 साल में पत्रकारिता में कार्यरत हूं। मेरे द्वारा राजनीति, क्राइम व मंनोरजन की खबरे अपडेट की जाती है।

Join WhatsApp

Join Now

google-newsGoogle News

Follow Now